Friday, December 7, 2018

इंस्पेक्टर सुबोध की हत्या में सेना के जवान पर शक

इंस्पेक्टर सुबोध सिंह की हत्या के मामले में यूपी पुलिस सेना के जवान की भूमिका की जांच कर रही है। डीजीपी के प्रवक्ता आरके गौतम ने बताया कि एक वीडियो वायरल हो रहा है और इसमें जीतू नाम का जवान कट्टे के साथ दिखाई दे रहा है। शक है कि यह घटनास्थल पर मौजूद था।जीतू वारदात के बाद अपनी यूनिट के लिए जम्मू रवाना हो गया। यूपी की स्पेशल इन्वेस्टिगेटिव टीम ने सेना के अधिकारियों से बातचीत के बाद एक टीम जम्मू रवाना की है।

एफआईआर में भी है फौजी का नाम
डीजीपी के पीआरओ आरके गौतम ने बताया कि आरोपी फौजी का नाम एफआईआर में दर्ज है। वायरल वीडियो में फौजी को कट्‌टे के साथ देखा गया है। इसी वीडियो के आधार पर पुलिस जांच को आगे बढ़ा रही है। गुरुवार रात पुलिस ने चिंगरावठी स्थित इस फौजी के घर दबिश दी।

गोकशी के शक में भड़की थी हिंसा
बुलंदशहर में सोमवार को गोकशी को लेकर हिंसा फैली थी। आरोप है कि इसकी अगुआई बजरंग दल के नेता योगेश राज ने की थी। पुलिस ने दो एफआईआर दर्ज की हैं। पहली एफआईआर योगेश की शिकायत पर गोकशी की है। इसमें सात लोगों के नाम हैं। वहीं, दूसरी एफआईआर हिंसा और इंस्पेक्टर की हत्या के मामले में दर्ज की गई है। इसमें 27 के नाम हैं, 60 से ज्यादा अज्ञात हैं। इस मामले में अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है जबकि चार को हिरासत में लिया गया है।

मेरे बेटे ने गोली मारी तो उसे गोली मार दो

आरोपी की मां ने पुलिस पर जांच के बहाने घर में उपद्रव मचाने व घर की महिलाओं के साथ अभद्रता का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अगर मेरे बेटे ने इंस्पेक्टर को गोली मारी है तो उसे गोली मार दो।

पांच लोग गिरफ्तार

आईजी एसके भगत ने बताया कि बुलंदशहर हिंसा के मामले में शुक्रवार को पांच गिरफ्तारी और हुई है। इनमें चन्द्र, रोहित, सोनू, नितिन, जितेंद्र शामिल हैं। इनकी पहचान वीडियो फुटेज के आधार पर हुई है। इनके नाम एफआईआर में नहीं थे। अब तक कुल 9 गिरफ्तारी हो चुकी है। जीतू फौजी पर नामजद एफआईआर है। उसकी गिरफ्तारी के लिए दो टीम जम्मू गई है। अभी नहीं पता चल पाया है कि इंस्पेक्टर सुबोध को किसने गोली मारी थी। एसआईटी की जांच में साफ हो जाएगा।

No comments:

Post a Comment